बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत: शरीर पर मिले चोट के निशान, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप; पति बोला- फांसी लगाकर की आत्महत्या

बिलासपुर शहर में एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के शरीर पर मिले चोट के निशानों ने घटना को और भी रहस्यमय बना दिया है। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पति का दावा है कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर निवासी अदिति मौर्य की शादी वर्ष 2019 में बिलासपुर के दयालबंद मधुबन रोड निवासी रविकांत मौर्य से हुई थी। दोनों की 13 महीने की एक बेटी भी है। रविकांत तिफरा सब्जी मंडी में व्यवसाय करता है। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अदिति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

मृतका के भाई अखिलेश वर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि अदिति अक्सर फोन पर मारपीट और उत्पीड़न की जानकारी देती थी। परिवार का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से अदिति से उनका संपर्क भी नहीं हो पा रहा था। जब भी वे बात करने की कोशिश करते, पति किसी न किसी बहाने से बातचीत नहीं होने देता था।

मायके पक्ष ने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि एक सप्ताह पहले अदिति ने पति के मोबाइल चैट का वीडियो बनाकर अपनी बहन को भेजा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि 23 जून को भी अदिति के साथ मारपीट हुई थी।

घटना के बाद परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो उन्हें अदिति की मौत की जानकारी मिली। उनका कहना है कि अदिति के हाथ, गर्दन, पैर और कान पर चोट के निशान थे। ऐसे में उन्हें हत्या की आशंका है। परिजनों ने पति, सास-ससुर, ननद और नंदोई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दूसरी ओर पति रविकांत का कहना है कि अदिति ने सिल्क की साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की थी और फंदा खुलने के कारण वह नीचे गिर गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *