रायपुर की 10वीं की महिमा बनाएगी सैटेलाइट: ShaktiSAT मिशन के लिए नेशनल फाइनलिस्ट, 108 देशों की छात्राओं के साथ करेगी भारत का प्रतिनिधित्व

रायपुर के तिलक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा महिमा राजपूत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महिमा का चयन प्रतिष्ठित स्पेस मिशन ‘ShaktiSAT’ के नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। अब वह दुनिया के 108 देशों से चुनी गई छात्राओं के साथ अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े विशेष मिशन में भाग लेते हुए भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इस कार्यक्रम के लिए देशभर से हजारों विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन आवेदन, लिखित परीक्षा और इंटरव्यू सहित कई चरण शामिल थे। सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद महिमा ने फाइनलिस्ट के रूप में अपनी जगह बनाई। महिमा ने बताया कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि पूरे स्कूल, परिवार और प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।

महिमा की रुचि पेंटिंग और स्टोरी राइटिंग में है। वह भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं। उनके पिता निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। महिमा का कहना है कि परिवार और शिक्षकों के सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 8 दिवसीय ShaktiSAT वर्कशॉप में महिमा भाग लेंगी। इस दौरान छात्राओं को स्पेस साइंस, सैटेलाइट टेक्नोलॉजी और अंतरिक्ष मिशन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में छात्राएं उपग्रह निर्माण, डिजाइन और मिशन प्लानिंग की प्रक्रिया को करीब से समझेंगी।

23 अगस्त से शुरू होने वाली कार्यशाला में 108 देशों की छात्राएं मिलकर दो सैटेलाइट तैयार करेंगी। इनमें से एक उपग्रह को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित करने की योजना है, जबकि दूसरे को चंद्रमा की सतह पर उतरने के उद्देश्य से विकसित किया जाएगा। यह परियोजना छात्राओं को वास्तविक अंतरिक्ष अभियानों से जुड़ी चुनौतियों और तकनीकों को समझने का अवसर देगी।

इस मिशन के तहत तैयार सैटेलाइट्स का लॉन्च अक्टूबर 2026 में श्रीहरिकोटा स्थित ISRO के लॉन्च पैड से प्रस्तावित है। महिमा ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन, जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दिया है। उनका मानना है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर छात्र किसी भी क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *