प्रेत-बाधा और जिन्न का डर दिखाकर महिला से 85 लाख की ठगी: पति की मौत के बाद भी ऐंठे पैसे, रकम मांगने पर नस काटकर भेजी फोटो

भिलाई में अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और निवेश के नाम पर करोड़ों का सपना दिखाकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले महिला को ग्रह दोष, प्रेत बाधा और जिन्न का डर दिखाकर अपने जाल में फंसाया, फिर पूजा-पाठ, निवेश, नौकरी और कानूनी परेशानियों का बहाना बनाकर लगातार पैसे ऐंठता रहा। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने अपने हाथ की नस काटकर फोटो भेज दी और मानसिक दबाव बनाता रहा।

पीड़िता संगीता कश्यप ने भिलाई नगर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार नवंबर 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान संगीता की मुलाकात पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक समस्याओं का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपी ने दावा किया कि वह विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए सभी परेशानियां दूर कर सकता है। इसके बाद आरोपी लगातार महिला से संपर्क में रहा और उसे ग्रह दोष, प्रेत बाधा तथा जिन्न के नाराज होने का भय दिखाता रहा।

महिला का आरोप है कि आरोपी ने जबलपुर में गुप्त पूजा कराने के नाम पर कई बार पैसे लिए। जब भी वह रकम देने में देरी करती, आरोपी परिवार पर संकट आने और जिन्न के नाराज होने की चेतावनी देता था। इसी दौरान उसने महिला को यह कहकर भी डराया कि यदि विशेष पूजा नहीं कराई गई तो उसके पति का गंभीर एक्सीडेंट हो सकता है। इसके लिए उसने डेढ़ लाख रुपए लिए। बाद में महिला के पति की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी ने इस घटना का फायदा उठाकर और अधिक पैसे वसूले।

आरोपी ने महिला के बेटे को भी अपने जाल में फंसाया और शेयर बाजार व ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया। इसके अलावा कभी खुद को जेल में बंद बताकर, कभी मां के ऑपरेशन और पिता की मौत का बहाना बनाकर पैसे मांगता रहा। एक बार उसने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में बताया और छोड़ने के लिए रिश्वत की रकम मांगने की कहानी गढ़ दी।

जब महिला ने अपने 85 लाख रुपए वापस मांगे तो आरोपी ने नस काटकर फोटो भेजी और नौकरी दिलाने के नाम पर भी लाखों रुपए वसूले। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *