नारायणपुर में धर्मांतरण विवाद: 26 ईसाई परिवारों को गांव से निकाले जाने का आरोप, पेड़ों के नीचे गुजार रहे रातें; गांव में भारी पुलिस बल तैनात

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। भरेंडा थाना क्षेत्र के भरंडा गांव में ईसाई धर्म को मानने वाले 26 परिवारों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने उन्हें घरों से बाहर निकाल दिया है। इसके बाद ये परिवार गांव के बाहर पेड़ों की छांव में रहने को मजबूर हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, गांव में धर्मांतरण को लेकर पिछले कई महीनों से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि दिसंबर 2025 से गांव में इस मुद्दे को लेकर लगातार विवाद होता रहा है। हालांकि पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप से कई बार स्थिति सामान्य हुई, लेकिन 9 जून 2026 को दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद माहौल फिर से तनावपूर्ण हो गया। उस घटना में कुछ महिलाओं के घायल होने की भी जानकारी सामने आई थी।

मंगलवार को विवाद ने नया मोड़ ले लिया। ईसाई धर्म को मानने वाले परिवारों का आरोप है कि गांव के गयता, पटेल समेत कुछ ग्रामीण उनके घर पहुंचे और उन्हें गांव छोड़ने के लिए कहा। परिवारों का कहना है कि उन्हें जबरन घरों से बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद वे गांव के बाहर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से गांव में रह रहे हैं और सिर्फ अपने धार्मिक विश्वास के कारण उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।

वहीं दूसरी ओर गांव के ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों के धर्म परिवर्तन से उनकी पारंपरिक आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाज और सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का दावा है कि यदि ईसाई धर्म अपनाने वाले परिवार अपने मूल धर्म में लौट आते हैं तो उन्हें गांव में रहने से कोई आपत्ति नहीं होगी।

स्थिति को देखते हुए नारायणपुर पुलिस ने पूरे गांव को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और दोनों पक्षों के बीच टकराव की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन दोनों पक्षों से लगातार चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *