3 महीने में 8 मौतों का रहस्य सुलझा: खर्वे गांव से आरोपी रामसहाय गिरफ्तार, जहरीली शराब से हत्या का शक

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव में बीते तीन महीनों के दौरान हुई 8 संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दो दिनों तक चली कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या और जहर देने समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, कसडोल पुलिस ने आरोपी रामसहाय जायसवाल के खिलाफ 8 हत्या और जहर देकर नुकसान पहुंचाने से संबंधित कुल 9 मामले दर्ज किए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरे घटनाक्रम और साजिश से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किए जाने की तैयारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों की छोटी-छोटी बातों और मजाक को भी दिल पर ले लेता था। वह ऐसे लोगों के प्रति मन में रंजिश पाल लेता था और उनसे बदला लेने की योजना बनाता था। इसी प्रवृत्ति के चलते उसने कथित तौर पर कई लोगों को अपना निशाना बनाया।

खर्वे गांव में मौतों का सिलसिला 6 फरवरी 2026 को शुरू हुआ था, जब बद्री पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। इसके बाद 20 फरवरी को बुढालू साहू की मौत हो गई। मार्च महीने में 12 मार्च को बुधराम जायसवाल, 20 मार्च को छत्तूराम साहू और 31 मार्च को विनोद साहू की जान चली गई। वहीं अप्रैल में 28 अप्रैल को गजानंद मांझी और 29 अप्रैल को चैतूराम साहू की मौत हुई। सबसे हालिया मामला 14 मई का है, जब महेतरू साहू की मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया था।

ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया था कि जिन लोगों की मौत हुई, उन्हें अलग-अलग समय पर रामसहाय जायसवाल द्वारा शराब उपलब्ध कराई गई थी। शराब पीने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उनकी मौत हो गई। इसी आधार पर ग्रामीणों ने जहरीली शराब दिए जाने की आशंका जताई थी।

मामले ने उस समय और सनसनी फैला दी जब गांव में यह चर्चा शुरू हुई कि गड़े हुए धन को प्राप्त करने के लिए 21 लोगों की बलि देने की योजना बनाई गई थी। ग्रामीणों का दावा था कि अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य लोगों की जान को भी खतरा हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी इन दावों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *