छत्तीसगढ़ में आज 4 घंटे रहेंगे राहुल गांधी: भाजपा विधायक बोले- आलू से सोना निकालने की ट्रेनिंग देंगे, कांग्रेस ने कहा- पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से परेशान

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में करीब चार घंटे तक मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और शाम 6 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इस दौरान वे प्रदेशभर से आए जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ विशेष संवाद करेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश देंगे।

राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग देंगे या फिर ‘आलू से सोना निकालने’ जैसी बातें सिखाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी का स्वागत है।

भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है, तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है। विकास उपाध्याय ने पुरंदर मिश्रा को ‘एक्सीडेंटल विधायक’ बताते हुए कहा कि वे केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।

इधर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जहां जाते हैं, वहां का हश्र सब जानते हैं।

अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में संगठन प्रबंधन, बूथ स्तर की मजबूती, मीडिया हैंडलिंग, राजनीतिक रणनीति और जनसंपर्क जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस इसे आगामी चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने की बड़ी कवायद मान रही है। शिविर में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता भी हिस्सा ले रहे हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *