दुर्ग में आज NEET री-एग्जाम: 19 केंद्रों पर जैमर-CCTV, 1:30 बजे के बाद बंद होंगे गेट; सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

दुर्ग में आज NEET री-एग्जाम: 19 केंद्रों पर जैमर और CCTV, सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

दुर्ग जिले में आज आयोजित होने वाली NEET री-एग्जाम को लेकर प्रशासन और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए जिले के सभी 19 परीक्षा केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के अनुसार हर केंद्र पर जैमर लगाए गए हैं ताकि मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। वहीं सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी टेस्टिंग पहले ही पूरी कर ली गई है। परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम से इन कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।

इस बार परीक्षा से जुड़े कुछ नए नियम भी लागू किए गए हैं। परीक्षा की अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है। साथ ही रफ वर्क के लिए अतिरिक्त रफ शीट उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को नया री-नीट एडमिट कार्ड की दो प्रिंट कॉपी, एक अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो और फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

ड्रेस कोड को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। छात्रों को हल्के रंग और आधी बांह के कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। ज्यादा जेब वाले कपड़े, फुल स्लीव ड्रेस, हाई हील वाले जूते और भारी आभूषण पहनने से बचने को कहा गया है। चप्पल या लो-हील सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है, जिससे जांच प्रक्रिया में आसानी हो सके।

परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

कलेक्टर अभीजीत सिंह के निर्देश पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए अलग टीम गठित की गई है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखी जाएगी। पेपर लीक या अफवाह फैलाने वाले किसी भी पोस्ट की तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती और चार एम्बुलेंस भी रिजर्व रखी गई हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *