मोटा कहने पर खूनी विवाद: 10वीं के छात्र की हत्या, बदला लेने चाकू लेकर आया था दोस्त; हथियार छीनकर सीने-गर्दन पर किए वार

तिल्दा-नेवरा। एक मामूली मजाक और आपसी मनमुटाव ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि 10वीं कक्षा के एक छात्र की जान चली गई। "मोटा" कहकर चिढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतक छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक अमन यदु (16 वर्ष) वार्ड नंबर-1 सासाहोली का रहने वाला था। वहीं आरोपी छात्र की उम्र करीब 15 वर्ष बताई जा रही है। दोनों एक ही मोहल्ले के निवासी थे और उनके घरों के बीच महज 400 मीटर की दूरी थी। यही वजह थी कि दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे और पहले अच्छे दोस्त भी रहे हैं।

दोनों छात्र सासाहोली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में पढ़ते थे। उन्होंने हाल ही में 10वीं कक्षा की परीक्षा भी एक साथ पास की थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को "मोटा" कहकर चिढ़ाया था। यह बात अमन को बेहद नागवार गुजरी और तभी से दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हो गया था।

समय बीतने के साथ यह नाराजगी बढ़ती गई और दोनों के संबंधों में दूरी आ गई। शुक्रवार (19 जून) को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों छात्र अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अमन ने आरोपी छात्र को रास्ते में बुलाया और पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से आरोपी छात्र के गले पर हमला कर दिया। हमले में आरोपी छात्र घायल हो गया, लेकिन उसने किसी तरह अमन के हाथ से चाकू छीन लिया।

इसके बाद आरोपी छात्र ने उसी चाकू से अमन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार अमन के सीने और गर्दन पर लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अमन की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, एक मामूली विवाद के कारण हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *