इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए विदेश में नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। दुर्ग जिला प्रशासन और नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) के माध्यम से इजराइल में “होम बेस्ड केयर गिवर” के 3500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इस भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को लगभग ₹1.99 लाख प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।जिला प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार यह भर्ती भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत की जा रही है। उम्मीदवारों के पास केयर गिविंग से जुड़ा प्रमाणपत्र होना जरूरी है। साथ ही ANM, GNM, BSc Nursing, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट या जनरल ड्यूटी असिस्टेंट से जुड़ी योग्यता भी मान्य होगी।भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है। सबसे पहले उम्मीदवारों को छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल टेस्ट और पुलिस वेरिफिकेशन किया जाएगा। अंतिम चयन इजराइल के नियोक्ता द्वारा ऑनलाइन इंटरव्यू के माध्यम से होगा।इस नौकरी के लिए आयु सीमा 25 से 45 वर्ष रखी गई है। उम्मीदवार का कम से कम 10वीं पास होना और इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय होना जरूरी है। साथ ही पासपोर्ट की वैधता कम से कम 3 वर्ष होना चाहिए।जिला प्रशासन के अनुसार चयनित युवाओं को आवास, भोजन, चिकित्सा बीमा, राष्ट्रीय अवकाश और वार्षिक छुट्टियों जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। शुरुआती नियुक्ति 2 वर्ष के अनुबंध पर होगी जिसे आगे बढ़ाया जा सकता है।हालांकि इजराइल-ईरान युद्ध के बीच यह भर्ती चर्चा का विषय बनी हुई है। एक तरफ युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर है, तो दूसरी तरफ युद्ध की स्थिति को लेकर लोग चिंता भी जता रहे हैं। अब देखना होगा कि इस भर्ती प्रक्रिया में कितने युवा हिस्सा लेते हैं।
Your email address will not be published. Required fields are marked *