पत्नी से अफेयर के शक में बाउंसर की हत्या: आंखों में मिर्ची पाउडर झोंका, पत्थर से सिर कुचलकर मार डाला

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अफेयर के शक में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। गुरुवार रात कोटा थाना क्षेत्र में आरोपी ने पहले बाउंसर की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंका और फिर भारी पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मृतक की पहचान कोनी निवासी निखिल गोस्वामी (27) के रूप में हुई है। निखिल पेशे से जिम संचालक था और शहर के एक बार में बाउंसर का काम भी करता था। इसके अलावा वह वकालत से भी जुड़ा हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि निखिल की पहचान अपराधी प्रवृत्ति के युवक भोला मानिकपुरी से थी और वह उसका कानूनी मामला भी देखता था।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और निखिल के बीच संबंध होने का शक था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले दोनों के बीच बातचीत और संपर्क था, लेकिन बाद में दोनों ने बातचीत बंद कर दी थी। इसके बावजूद भोला को संदेह था कि दोनों के बीच संबंध अभी भी जारी हैं। इसी शक ने धीरे-धीरे दुश्मनी का रूप ले लिया और आरोपी ने हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम निखिल अपने एक दोस्त के साथ किसी काम से बाहर निकला था। इसी दौरान आरोपी भोला पहले से घात लगाकर बैठा हुआ था। जैसे ही निखिल वहां पहुंचा, आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। अचानक हुए हमले से निखिल कुछ समझ नहीं पाया। इस दौरान उसके साथ मौजूद दोस्त वहां से भाग निकला।

आंखों में मिर्ची पड़ने के कारण निखिल खुद का बचाव नहीं कर सका। इसी मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी ने पास में पड़े एक बड़े पत्थर से उसके सिर पर कई बार वार किया। हमले में निखिल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

आसपास मौजूद लोगों ने घायल निखिल को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया। परिजनों और परिचितों ने उसे मंगला चौक स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पत्नी के चरित्र पर संदेह और कथित अफेयर का शक सामने आया है।

एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि आरोपी को अपनी पत्नी और मृतक के बीच संबंध होने का संदेह था। इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *