हर महीने 3% मुनाफे का झांसा देकर 48 लाख की ठगी: शेयर मार्केट निवेश के नाम पर रिटायर्ड और सरकारी कर्मचारियों को बनाया शिकार, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई के सुपेला क्षेत्र में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। सुपेला पुलिस ने ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने लोगों को हर महीने 3 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का लालच देकर करीब 48 लाख रुपए की ठगी की। आरोपी की पहचान पुरानी बस्ती सुपेला निवासी टोमन दास साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी खुद को शेयर ट्रेडिंग का विशेषज्ञ बताता था और निवेशकों को भरोसा दिलाता था कि उनका मूलधन पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। वह निवेश की गई रकम पर हर महीने 3 प्रतिशत तक रिटर्न देने का दावा करता था। शुरुआत में कुछ महीनों तक निवेशकों को लाभांश देकर उनका विश्वास जीतता था, जिससे लोग अधिक रकम निवेश करने के लिए तैयार हो जाते थे। बाद में आरोपी ने भुगतान बंद कर दिया और निवेशकों की जमा पूंजी वापस करने से भी इनकार कर दिया।

पहले मामले में सेक्टर-6 भिलाई निवासी और शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी पी.पी. राव ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोपी के भरोसे में आकर दिसंबर 2024 में 10 लाख रुपए निवेश किए थे। शुरुआती छह महीने तक उन्हें लाभांश मिलता रहा, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया। जब उन्होंने अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कई चेक दिए, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए।

दूसरे मामले में रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में पदस्थ स्टोरकीपर दीपक गाडगे और उनके साथी भीष्म महिलांग ने आरोपी के खिलाफ शिकायत की। दोनों ने मिलकर करीब 38 लाख रुपए निवेश किए थे। कुछ समय तक उन्हें भी मुनाफा मिलता रहा, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने चेक दिए, जो बैंक में अस्वीकृत हो गए।

पीड़ितों का आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी बहाने बनाता था और व्हाट्सएप कॉल के जरिए गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी भी देता था। पुलिस ने आरोपी के घर और कार्यालय से कार, लैपटॉप, सीपीयू, मॉनिटर, मोबाइल फोन, चेक बुक, ट्रांजेक्शन डायरी समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

जांच में अब तक 10 से अधिक पीड़ितों के सामने आने की जानकारी मिली है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। आशंका है कि निवेश के नाम पर ठगी का यह नेटवर्क और भी बड़ा हो सकता है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *