भिलाई के खुर्सीपार में गुंडागर्दी और नशे का VIDEO: युवकों की पिटाई कर बनाई रील, स्कूल परिसर से मिले सैकड़ों नशीले इंजेक्शन; पुलिस पर उठे सवाल

भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र से सोमवार को नशाखोरी और गुंडागर्दी से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। इन वीडियो ने इलाके में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और नशे के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि दोनों वीडियो स्थानीय युवकों और एक ब्लॉगर द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए हैं, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पहला वीडियो एक स्थानीय ब्लॉगर का बताया जा रहा है, जिसमें वह खुर्सीपार के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर नशे से जुड़े सामान दिखाता नजर आ रहा है। वीडियो में ब्लॉगर स्कूल परिसर और उसके आसपास से बड़ी संख्या में इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन, सिरिंज और दवाइयों के खाली पैकेट इकट्ठा कर लोगों को दिखाता है। ब्लॉगर का दावा है कि खुर्सीपार क्षेत्र में खुलेआम नशाखोरी हो रही है और इसका सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि स्कूल जैसे संवेदनशील परिसरों में भी नशे के सबूत मिल रहे हैं।

वीडियो में ब्लॉगर पुलिस प्रशासन और स्थानीय थाना प्रभारी से अपील करते हुए दिखाई देता है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और क्षेत्र में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उसने कहा कि स्कूल परिसर और उसके आसपास विशेष निगरानी की आवश्यकता है, ताकि बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके। ब्लॉगर ने केनाल रोड स्थित गार्डन क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पड़े इंजेक्शन और दवाइयों को दिखाते हुए दावा किया कि यह क्षेत्र भी नशाखोरी का अड्डा बनता जा रहा है।

वहीं दूसरा वायरल वीडियो युवकों के बीच मारपीट का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक अन्य युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है, "भिलाई शहर का बाप हूं मैं कुलदीप।" इस वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में बढ़ती गुंडागर्दी और युवाओं में अपराधी प्रवृत्ति को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चलाने और अपराध नियंत्रण के दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ खुलेआम नशाखोरी और मारपीट के वीडियो सामने आ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि खुर्सीपार क्षेत्र में नशे का कारोबार और असामाजिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

हालांकि पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई भी की जा रही है। एक दिन पहले ही खुर्सीपार थाना पुलिस ने आरोपी रधुवीर नेताम को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 1 किलो 84 ग्राम गांजा तथा बिक्री से जुड़ी नकदी समेत कुल 55 हजार 450 रुपए का सामान जब्त किया गया था। इसके बावजूद लगातार सामने आ रहे वीडियो यह संकेत दे रहे हैं कि क्षेत्र में नशे और अपराध के खिलाफ और अधिक सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्षेत्र में बढ़ती इन गतिविधियों पर किस तरह अंकुश लगाया जाता है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *