बीएसपी में करोड़ों का खेल? RDK इंडस्ट्री में मिला ऑस्ट्रेलियन कोक | लोहा चोरी मामले में बड़ा खुलासा

भिलाई स्टील प्लांट से जुड़े कथित घोटालों की परतें अब लगातार खुलती जा रही हैं। बीएसपी से लौह स्क्रैप चोरी मामले के बाद अब जेवरा स्थित आरडीके इंडस्ट्री में बीएसपी का आयातित ऑस्ट्रेलियन कोक डंप मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने रविवार शाम पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कोक को छिपाने के लिए उसके ऊपर फ्लाई ऐश फैलाई गई थी ताकि किसी को भनक न लगे।

एएसपी शहर सुखनंदन राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम जब आरडीके इंडस्ट्री पहुंची तो कर्मचारी मौके से फरार हो गए। मुख्य गेट पर हाइवा खड़े कर कोक को छिपाने की कोशिश भी सामने आई है। मौके पर कच्चा लोहा भी बरामद हुआ है। अब माइनिंग विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जांच होगी।

इधर बीएसपी से लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस ने एक और आरोपी घनश्याम गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि फ्लू डस्ट की आड़ में संगठित तरीके से लोहा बाहर भेजा जाता था। पुलिस अब तक करीब 250 टन लौह स्क्रैप जब्त कर चुकी है। वाहनों के चेसिस और नंबर प्लेट बदलने का मामला भी सामने आया है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि बीएसपी का आयातित ऑस्ट्रेलियन कोक आखिर आरडीके इंडस्ट्री तक कैसे पहुंचा? करोड़ों के इस कथित घोटाले पर अब तक बीएसपी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस और माइनिंग विभाग की जांच के बाद इस मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *