रायगढ़ में तेज रफ्तार ट्रक ने 7 मवेशियों को कुचला: 5 बैलों की मौत, 2 गंभीर घायल; भारतमाला सड़क पर हादसे के बाद ड्राइवर फरार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भारतमाला सड़क पर शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठे मवेशियों को कुचल दिया। हादसे में 5 बैलों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 बैल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना रैरूमा चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात रैरूमा चौकी क्षेत्र के भारतमाला मार्ग स्थित काजू बाड़ी के पास कई मवेशी सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मवेशियों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 5 बैलों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य बैल गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि घायल मवेशियों के सिर और मुंह में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सड़क पर मवेशियों की हालत देखकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला।

हालांकि जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की गई। मृत बैलों को हटाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि घटना शनिवार रात की है और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसे में शामिल ट्रक का नंबर पुलिस को मिल गया है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *