दुर्ग में ‘फेक मैरिज पार्टी’ पर बवाल: ग्रामीणों के विरोध के बाद पहुंची पुलिस, रिसोर्ट मैनेजर पर कार्रवाई

दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट में आयोजित होने वाली “फेक मैरिज पार्टी” को लेकर रविवार देर रात जमकर विवाद हो गया। आयोजन की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में रिसोर्ट पहुंच गए और पार्टी का विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि हिंदू विवाह जैसे पवित्र संस्कार को मनोरंजन और थीम पार्टी का रूप देना सामाजिक और धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है। विरोध बढ़ने पर मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला।

जानकारी के मुताबिक धमधा रोड स्थित कोसी रिसोर्ट में 30 मई की रात “फेक मैरिज पार्टी” आयोजित की जानी थी। इस आयोजन में केवल कपल एंट्री रखी गई थी, जिसके लिए 499 रुपए शुल्क तय किया गया था। पार्टी में शामिल होने वाले कपल्स को दूल्हा-दुल्हन की थीम में तैयार होकर पहुंचना था। आयोजन के लिए डीजे नाइट, म्यूजिक और मनोरंजन की अन्य तैयारियां भी की गई थीं। सोशल मीडिया और प्रचार सामग्री के जरिए पार्टी का प्रचार किया जा रहा था।

जैसे ही इस आयोजन की जानकारी ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों को मिली, उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। रविवार देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण रिसोर्ट पहुंच गए और आयोजन को तत्काल रद्द करने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि शादी भारतीय संस्कृति और हिंदू समाज का एक पवित्र संस्कार है, जिसे मजाक या मनोरंजन का हिस्सा बनाना गलत है। उनका आरोप था कि इस तरह के आयोजन समाज में गलत संदेश देते हैं और युवाओं के बीच विवाह जैसी परंपराओं की गंभीरता को कम करते हैं।

विरोध के दौरान रिसोर्ट प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस भी हुई। मौके पर माहौल तनावपूर्ण होने लगा, जिसके बाद जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में प्रशासन उचित कार्रवाई करेगा।

पुलिस के अनुसार आयोजन को लेकर क्षेत्र में सामाजिक और धार्मिक विवाद की स्थिति बनने की आशंका थी। इसी कारण एहतियातन कार्रवाई करते हुए कोसी रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। उन्हें एसडीएम न्यायालय में भी पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि किसी भी आयोजन से यदि सामाजिक तनाव या धार्मिक विवाद की संभावना बनती है, तो प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा।

इधर विवाद बढ़ने के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने भी अपना रुख बदल लिया। प्रबंधन की ओर से कहा गया कि तेज गर्मी और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल “फेक मैरिज पार्टी” को स्थगित किया जा रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों का मानना है कि लगातार बढ़ते विरोध और प्रशासनिक दबाव के कारण आयोजन को टालना पड़ा।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी ऐसे आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *