रंजिश में घर पर फेंका बम, परिवार को दी जान से मारने की धमकी: रायपुर के कबीर नगर में आधी रात मचा हड़कंप

रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार के घर पर आधी रात बम जैसे पटाखे फेंकने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। देर रात हुए इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला कबीर नगर निवासी रिंकु तिवारी से जुड़ा है, जिन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वे परिवार के साथ हीरापुर स्थित वीर सावरकर नगर के एलआईजी-922 में रहती हैं। शिकायत के अनुसार, 24 मई 2026 की रात करीब 1 बजे सोनू पटेल, आकाश पासवान, एक युवती और तीन अन्य युवक उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी आरोपी पुरानी रंजिश के चलते घर के बाहर पहुंचे और बम जैसे पटाखे फेंककर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिवार के अनुसार, घर के बाहर अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबरा गए। धमाके के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई और कई लोग घरों से बाहर निकल आए। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने न सिर्फ धमाका किया, बल्कि चाकू दिखाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के समय घर का मुख्य गेट बंद था, जिसके कारण आरोपी घर के अंदर प्रवेश नहीं कर सके। परिवार के लोगों ने जब पुलिस को सूचना देने की बात कही तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बना रहा।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार गाली-गलौज कर रहे थे और पुरानी दुश्मनी के चलते परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके आधार पर कबीर नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की गतिविधियों और पहचान की पुष्टि की जा सके। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *