मारुति शोरूम में छेड़छाड़ का बवाल: महिला कर्मचारियों ने CEO पर फेंकी स्याही, थप्पड़-लात मारकर जताया विरोध...!!

दुर्ग जिले के नेहरू नगर स्थित मारुति सुजुकी एरिना शोरूम में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महिला कर्मचारियों ने शोरूम के सीईओ अंकित आनंद पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए। आरोपों से नाराज एक महिला कर्मचारी ने शोरूम परिसर के भीतर ही सीईओ पर स्याही फेंक दी और थप्पड़-लात मारते हुए विरोध जताया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक, जुनवानी स्थित चौहान ऑटोमोबाइल में जीएम पद पर कार्यरत अंकित आनंद के खिलाफ महिला कर्मचारी अमृता सिंह ने सुपेला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी लंबे समय से उसे अभद्र मैसेज भेज रहा था और लगातार छेड़छाड़ कर मानसिक रूप से परेशान कर रहा था।

मामला सामने आने के बाद शोरूम में काम करने वाली अन्य 3 से 4 महिला कर्मचारियों ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं। महिलाओं का कहना है कि आरोपी का व्यवहार लंबे समय से आपत्तिजनक था, लेकिन नौकरी जाने के डर से वे खुलकर सामने नहीं आ पा रही थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच सीएसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अन्य महिला कर्मचारियों के साथ भी इसी तरह का व्यवहार करता था।

फिलहाल पुलिस सभी पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज कर रही है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद शोरूम प्रबंधन की कार्यप्रणाली और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *