फॉरेस्ट नर्सरी में भीषण आग: समय रहते टला बड़ा हादसा

दुर्ग के तालपुरी इलाके में शनिवार शाम फॉरेस्ट नर्सरी में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग पहले सूखी झाड़ियों में लगी और देखते ही देखते नर्सरी के अंदर मौजूद पेड़ों तक पहुंच गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

घटना शाम करीब 7:15 बजे पद्मनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुडको के सामने स्थित फॉरेस्ट नर्सरी की है। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि सूखी झाड़ियों और पेड़ों में आग तेजी से फैल रही थी। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फायर टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में सूखी झाड़ियों में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। उनके मुताबिक मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *