भिलाई में क्रांति सेना कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज: डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर चौकी पहुंचे थे, थाने में नारेबाजी और पुलिस से बहस

भिलाई के स्मृति नगर क्षेत्र में डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामला शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज से जुड़े डॉक्टर और स्टाफ के बीच हुए विवाद के बाद शुरू हुआ, जहां संगठन के कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग लेकर स्मृति नगर चौकी पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चौकी परिसर में घुसकर नारेबाजी की, पुलिसकर्मियों से बहस की और शासकीय कार्य में बाधा डाली।

पुलिस के अनुसार संगठन के पदाधिकारी चेतन चंदेल अपने समर्थकों के साथ गुरुवार शाम चौकी पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों से आवेदन देने और जांच प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार करने की बात कही, लेकिन कार्यकर्ता तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सत्यप्रकाश तिवारी और क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि पहले स्मृति नगर चौकी प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब विवाद नहीं थमा तो सुपेला थाना पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। बाद में मौके पर पहुंचे सीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बहस बढ़ने पर उन्हें थाना परिसर से बाहर कराया गया।

इसके बाद स्मृति नगर चौकी की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही थी, लेकिन संगठन के लोग एकतरफा कार्रवाई का दबाव बना रहे थे।

दूसरी ओर, भूपेंद्र साहू की शिकायत पर डॉक्टर अनुराग चंद्राकर के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कार में स्क्रैच को लेकर विवाद के बाद डॉक्टर और उनके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

इसी बीच पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा राहुल गांधी का पुतला दहन कार्यक्रम किया गया, जिसमें पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की का वीडियो सामने आया, लेकिन इस मामले में किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। इससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *