दुर्ग में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 13.60 लाख की ठगी: मोटे मुनाफे का झांसा देकर कराया निवेश, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में ऑनलाइन निवेश और ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में फॉरेक्स ट्रेडिंग और निवेश कंपनी के नाम पर एक युवक से 13 लाख 60 हजार रुपए ठग लिए गए। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों और कई बैंक खातों की जांच अभी जारी है।

पुलिस के मुताबिक, गंजपारा निवासी दीपक जैन (27) ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि वर्ष 2024 के दौरान कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया और खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग एवं निवेश कंपनी से जुड़ा हुआ बताया। आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कंपनी में निवेश करने पर हर महीने मोटा मुनाफा मिलेगा और जमा की गई मूल राशि पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।

आरोपियों ने युवक को भरोसा दिलाया कि निवेश से कम समय में अच्छा रिटर्न मिलेगा। लगातार संपर्क और भरोसा देने के बाद उन्होंने युवक को अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों के कहने पर दीपक जैन ने अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए कई बैंक खातों में रकम जमा करनी शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार युवक ने कुल 13 लाख 60 हजार रुपए निवेश किए थे।

कुछ समय तक भरोसा दिलाते रहे आरोपी

पीड़ित के अनुसार शुरुआत में आरोपी लगातार यह भरोसा दिलाते रहे कि कंपनी सही तरीके से काम कर रही है और जल्द ही लाभांश मिलना शुरू हो जाएगा। लेकिन कुछ समय बाद कंपनी का संचालन अचानक बंद हो गया। इसके बाद न तो निवेश पर कोई लाभ मिला और न ही जमा की गई राशि वापस की गई।

जब युवक ने अपने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपियों ने बहानेबाजी शुरू कर दी और बाद में संपर्क बंद कर दिया। खुद को ठगा महसूस होने के बाद दीपक जैन ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

फर्जी निवेश योजना का खुलासा

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी निवेश योजना चलाकर लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देते थे और उनसे अलग-अलग खातों में रकम जमा कराते थे। मामले में पुलिस ने राजेन्द्र कुमार ताम्रकार (50) निवासी तामेश्वरा वार्ड क्रमांक 30, दुर्ग और वर्तमान में जवाहर नगर वार्ड क्रमांक 18 निवासी को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों को निवेश के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

मोबाइल, बैंक दस्तावेज और लेन-देन के रिकॉर्ड जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, बैंक दस्तावेज और लेन-देन से जुड़े कई अहम कागजात जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी और उसके साथियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी निवेश के नाम पर ठगी का शिकार बनाया है या नहीं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *