12वीं हिंदी पेपर लीक में 2 और गिरफ्तार: PTI ने 3 हजार में NSUI नेता को बेचा पेपर, केंद्र प्रभारी-एग्जाम कंट्रोलर जांच के घेरे में

रायपुर में 12वीं बोर्ड हिंदी पेपर लीक मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बेमेतरा जिले के एक स्कूल में पदस्थ पीटीआई शिक्षक और उसका सहयोगी शामिल हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हाथ से लिखकर तैयार किया गया प्रश्न पत्र 3 हजार रुपए में एनएसयूआई नेता को बेचा गया था। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जवाहर लाल कुर्रे और विकास सेन के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि जवाहर लाल कुर्रे ने हाथ से लिखकर हिंदी बोर्ड परीक्षा का प्रश्न पत्र तैयार किया और उसे एनएसयूआई नेता वेणु कुमार जंघेल तक पहुंचाया गया। इस दौरान विकास सेन भी मौजूद था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को माध्यमिक शिक्षा मंडल की शिकायत पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पहले एनएसयूआई नेता वेणु कुमार जंघेल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने पीटीआई शिक्षक का नाम उजागर किया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

जांच में यह भी सामने आया कि हिंदी बोर्ड परीक्षा से करीब 10 घंटे पहले टेलीग्राम और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेपर वायरल हो गया था। हाथ से लिखे गए सवालों की तस्वीरें हजारों छात्रों तक पहुंची थीं।

अब इस मामले में बेमेतरा के केंद्र प्रभारी और एग्जाम कंट्रोलर भी जांच के घेरे में हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में लापरवाही और मिलीभगत की आशंका मिली है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं तथा पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *