84 दिन बाद भी नहीं सुलझी साईं मंदिर चोरी: भिलाई के सेक्टर-6 मंदिर में फिल्मी स्टाइल डकैती, पुलिस अब तक खाली हाथ

भिलाई के सेक्टर-6 स्थित श्री शिर्डी साईं बाबा मंदिर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की वारदात को 84 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। 26 फरवरी 2026 की रात हुई इस फिल्मी स्टाइल डकैती ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया था। सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के चांदी और स्वर्ण मंडित धार्मिक सामान पर हाथ साफ कर दिया था।

जानकारी के मुताबिक, मंदिर कर्मचारी परमेश्वर सेन ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया कि 25 फरवरी की रात मंदिर बंद होने के बाद वह परिसर में ड्यूटी पर मौजूद थे। रात करीब 2:15 से 3 बजे के बीच 4 से 5 नकाबपोश बदमाश मंदिर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे और सबसे पहले गार्ड को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की, हाथ-पैर बांध दिए और आंखों पर कपड़ा बांधकर प्रसाद काउंटर के पास लिटा दिया ताकि वह शोर न मचा सकें।

इसके बाद आरोपी करीब एक घंटे तक मंदिर के अंदर चोरी करते रहे। बदमाश चांदी की पादुका, आरती की थाली, पंचआरती स्टैंड, चांदी के ग्लास, पंचामृत कलश, अगरबत्ती स्टैंड, चांदी के पैनल, स्वर्ण मंडित नख और दानपेटी समेत कई कीमती सामान ले गए। जाते-जाते आरोपी मंदिर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए।

घटना के बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कर बिहार के वैशाली सहित कई राज्यों में जांच की, लेकिन तीन महीने बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल मंदिर चोरी का रहस्य अब भी बरकरार है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *