रायपुर में ज्वैलर्स के कर्मचारी ने किया 2 करोड़ के सोने का गबन: CCTV में कैद हुई करतूत, 16 साल पुराने भरोसे ने दिया धोखा

रायपुर के सदर बाजार स्थित मशहूर ज्वैलरी शोरूम मनोहरमल एंड कंपनी में करोड़ों रुपए के सोने के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि शोरूम में पिछले 16 साल से काम कर रहे कर्मचारी ने ही अंजाम दिया। कारोबारी की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कर्मचारी सोने के जेवर अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहा है।

जानकारी के मुताबिक, सदर बाजार निवासी कारोबारी सुरेश भंसाली की “मनोहरमल एंड कंपनी” नाम से सोने-चांदी की दुकान है। दुकान में लंबे समय से काम कर रहे सूरज साहू पर रोजाना डिस्प्ले में रखे गए महंगे जेवरों को दुकान बंद होने के बाद लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि 9 अप्रैल 2026 की शाम दुकान बंद करते समय आरोपी ने जेवरों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास ही रख लिया।

शुरुआत में किसी को इस गड़बड़ी की भनक नहीं लगी। लेकिन 13 अप्रैल को जब दुकान में स्टॉक का मिलान किया गया तो भारी मात्रा में सोना गायब मिला। जांच के दौरान पता चला कि कुल 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोने के जेवर कम हैं। इसमें अलग-अलग डिजाइन और कई महंगे आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। मौजूदा बाजार मूल्य के अनुसार चोरी गए सोने की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है।

घटना सामने आने के बाद कारोबारी ने दुकान के कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में शाम करीब 4 बजकर 21 मिनट पर कर्मचारी सूरज साहू संदिग्ध तरीके से जेवर ले जाते दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गबन का केस दर्ज किया।

पुरानी बस्ती थाना पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस ने एक संदेही व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

इस घटना ने रायपुर के कारोबारी वर्ग को भी चिंता में डाल दिया है। वर्षों पुराने भरोसेमंद कर्मचारी द्वारा इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिए जाने से ज्वैलरी कारोबारियों में सुरक्षा व्यवस्था और आंतरिक निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही चोरी गए सोने की बरामदगी भी हो सकती है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *