दो पक्षों की लड़ाई में राहगीर को बेरहमी से पीटा, ICU में भर्ती: दुर्ग में बाइक टकराने के बाद इंजीनियरिंग छात्रों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला, CCTV में कैद घटना

दुर्ग शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक मामूली सड़क हादसे ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। दो बाइक के बीच हुई टक्कर के बाद इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों और दूसरे पक्ष के युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर को भी बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल राहगीर को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसकी सोने की चेन और नकदी भी लूट ली गई।

घटना 14 मई की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भिलाई के रूंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहे छात्र मुकेश कौशिक अपने दोस्तों के साथ बिरयानी खाकर लौट रहे थे। इसी दौरान पद्मनाभपुर स्थित मेगा मार्ट के पास उनकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक बोरसी के सुभाष चौक निवासी लोकेश्वर साहू चला रहा था। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि लोकेश्वर साहू और उसके साथी रितेंद्र यादव ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।

कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे युवकों ने इंजीनियरिंग छात्रों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बना रहा। इस हमले में मुकेश कौशिक के साथ राजा बिस्वास, अविनाश उत्कर्ष सिंह, पंकज कौशिक और आकाश केवट घायल हो गए। सभी का इलाज कराया गया है।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे दुर्ग के केलाबाड़ी निवासी शकील खान भी हमलावरों के निशाने पर आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शकील खान ने विवाद को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी बुरी तरह पीट दिया। गंभीर चोटों के कारण उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर आईसीयू में भर्ती किया गया है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *