रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, CBI ने दुर्ग और रायपुर से 2 कर्मचारियों को किया गिरफ्तार

दुर्ग/रायपुर। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले दो रेलवे कर्मचारियों को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को दुर्ग और रायपुर में एक साथ की गई। गिरफ्तार आरोपियों में अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी और रेलवे कर्मचारी बी. राजशेखर राव तथा रेलवे कर्मचारी और वेटलिफ्टर राजलक्ष्मी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर लंबे समय से रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलने के आरोप लग रहे थे। कई शिकायतें मिलने के बाद CBI ने प्रारंभिक जांच शुरू की थी। जांच में आरोपों के सही पाए जाने पर एजेंसी ने शनिवार सुबह दोनों ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

CBI की टीम सबसे पहले दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन इलाके में पहुंची, जहां से अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी बी. राजशेखर राव को हिरासत में लिया गया। वहीं रायपुर में डीआरएम कार्यालय में पदस्थ राजलक्ष्मी से पूछताछ के बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के घरों और अन्य ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

CBI सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लाखों रुपए नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद दस्तावेजों में भर्ती प्रक्रिया, बैंक लेन-देन और उम्मीदवारों से जुड़ी जानकारी होने की आशंका जताई जा रही है। एजेंसी अब इन दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कई युवाओं से पैसे लिए थे। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ठगी का शिकार कितने लोग हुए हैं और कुल कितनी रकम वसूली गई है। CBI की टीम इस पूरे मामले में आर्थिक लेन-देन और अन्य संदिग्ध संपर्कों की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी रेलवे से जुड़े होने और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते थे। कई युवाओं को फर्जी आश्वासन देकर उनसे लाखों रुपए वसूले गए। मामले में कुछ और लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

डीआरएम कार्यालय रायपुर ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि की है। फिलहाल दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। CBI अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

इस कार्रवाई के बाद रेलवे भर्ती के नाम पर चल रहे कथित फर्जीवाड़े को लेकर हड़कंप मच गया है। बेरोजगार युवाओं से नौकरी के नाम पर पैसे लेने वाले गिरोहों पर अब एजेंसियां सख्ती से नजर रख रही हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *