रायपुर में जीजा ने साले की चाकू मारकर हत्या: ससुराल में रहने के ताने से था नाराज, वारदात के बाद डायल-112 बुलाकर किया सरेंडर

राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने बुधवार रात खूनी रूप ले लिया। मजदूर नगर सरोरा इलाके में रहने वाले एक युवक ने अपने ही साले की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी और मौके पर पहुंची टीम के सामने सरेंडर कर दिया। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान गिरधर गोपाल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम प्रकाश साहू बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से अपनी ससुराल में रह रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि मृतक गिरधर, जो आरोपी का साला था, उसे ससुराल में रहने को लेकर बार-बार ताना मारता था। यही विवाद धीरे-धीरे दोनों के बीच तनाव की बड़ी वजह बन गया।

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। शराब पीने के दौरान फिर से इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि विवाद अचानक बढ़ गया और गुस्से में आकर प्रकाश साहू ने गिरधर पर चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि गिरधर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि उसने खुद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी वहीं मौजूद मिला और उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

उरला थाना पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और आपसी तनाव से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी और मृतक के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *