बेमेतरा में 300 गौवंशों की मौत पर बवाल: देवेंद्र यादव समेत 19 कांग्रेस नेताओं पर FIR

बेमेतरा जिले के उसलापुर-झिरिया गांव में 300 से अधिक गौवंशों की कथित मौत के मामले ने अब राजनीतिक और कानूनी रूप ले लिया है। इस घटना के विरोध में यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक गुरु दयाल सिंह बंजारे समेत कुल 19 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

बताया जा रहा है कि बीते सप्ताह ग्राम झिरिया में बड़ी संख्या में गौवंशों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। शनिवार को यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई और सरकार पर लापरवाही के आरोप लगाए गए।

गौवंशों की मौत के विरोध में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

प्रदर्शन में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा, पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक गुरु दयाल सिंह बंजारे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर गौवंशों की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया। विरोध स्वरूप विधायक एवं कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम और गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल की प्रतीकात्मक शव यात्रा भी निकाली गई।

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित हुई और सुरक्षा निर्देशों का उल्लंघन किया गया।

देवेंद्र यादव और पूर्व विधायक सहित 19 पर मामला दर्ज

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवेंद्र यादव, गुरु दयाल सिंह बंजारे सहित कुल 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिना अनुमति बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र किया गया और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी की गई। पुलिस ने धारा 144 और अन्य लागू प्रावधानों के उल्लंघन की बात कही है।

अधिकारियों के अनुसार, घटना के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों के नाम भी मामले में जोड़े जा सकते हैं।

कांग्रेस बोली- राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई

कांग्रेस नेताओं ने एफआईआर को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि बेमेतरा में प्रशासनिक लापरवाही के कारण 300 गौवंशों की मौत हुई और जनता कई दिनों से आंदोलन कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गौमाता के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाती।

<

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *