भाजपा नेत्री के परिवार की शादी में हर्ष फायरिंग का VIDEO वायरल: महिलाएं-बच्चे भी हथियारों के साथ दिखे, पुलिस जांच में जुटी

Raipur में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री और मंडी सदस्य Monika Singh के परिवार से जुड़े कार्यक्रम में महिलाएं, बच्चे और पुरुष हथियारों के साथ फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है।

भाई की शादी में खुलेआम चली गोलियां

जानकारी के मुताबिक यह वीडियो भाजपा नेत्री मोनिका सिंह के भाई प्रतीक सिंह की शादी का बताया जा रहा है। शादी समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान बंदूक और पिस्टल से हवाई फायरिंग की गई। वायरल वीडियो में मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह सहित अन्य लोग हथियार लहराते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में कुछ महिलाएं और युवतियां भी हथियारों से फायर करती दिखाई दे रही हैं। कार्यक्रम में डीजे और फिल्मी संगीत के बीच हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिससे सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

धुरंधर के गाने पर बनाई रील, सोशल मीडिया पर वायरल

बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान “धुरंधर” फिल्म के गाने पर एक रील बनाई गई, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया।

सूत्रों के अनुसार ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं। यह भी चर्चा है कि वे भाजपा नेताओं के करीबी माने जाते हैं। सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि वे पहले भी शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग कर चुके हैं।

कांग्रेस ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

इस मामले पर कांग्रेस प्रवक्ता Abhay Narayan Rai ने कहा कि जिन लोगों को हथियारों का लाइसेंस दिया गया है, उनके उपयोग की नियमित जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

रायपुर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक इस मामले में औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग की परंपरा और उसके खतरनाक परिणामों पर बहस छेड़ दी है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि हथियार लाइसेंसी थे या नहीं और क्या कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *