लोको पायलट के सूने मकान में लाखों की चोरी, शादी में गया था परिवार

दुर्ग जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बार सुपेला थाना क्षेत्र के राधिका नगर में अज्ञात चोरों ने एक लोको पायलट के सूने मकान को निशाना बनाया। चोर घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और करीब एक लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस, एसीसीयू टीम, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक राधिका नगर निवासी त्रिलोकी नाथ रेलवे में लोको पायलट हैं। वे अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और लॉकर की तलाशी लेने पर पता चला कि शादी के समय मिले सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख रुपए नकद गायब हैं।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे। इसके बाद मुख्य कमरे में लगे ताले को तोड़कर अलमारी से कीमती सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पीड़ित त्रिलोकी नाथ ने तत्काल सुपेला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि चोरों ने पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश किया है। सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *