सस्ते बिल्डिंग मटेरियल का झांसा देकर 24 चोरियां: 4 जिलों से 32 लाख के गहने उड़ाए, ज्वेलर्स को बेचता था शातिर चोर

छत्तीसगढ़ के चार जिलों महासमुंद, दुर्ग, धमतरी और जांजगीर-चांपा में पिछले पांच महीनों से लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सस्ते दाम पर बिल्डिंग मटेरियल उपलब्ध कराने का झांसा देकर 24 घरों में चोरी की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, बाइक और मोबाइल सहित कुल 32 लाख 38 हजार 900 रुपए का सामान बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंचराम उर्फ पंचु निषाद (38) निवासी ग्राम चंदली, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद चालाक तरीके से उन मकानों को निशाना बनाता था, जहां निर्माण या रेनोवेशन का काम चल रहा होता था। घर के बाहर ईंट, गिट्टी, सीमेंट और अन्य सामग्री देखकर वह खुद को बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर बताता और सस्ती दर पर छड़ और सीमेंट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव देता था।

बातचीत के बहाने आरोपी घर के भीतर प्रवेश करता और मौका मिलते ही अलमारी या अन्य स्थानों पर रखे सोने-चांदी के गहने चोरी कर फरार हो जाता था। वह खासतौर पर ऐसे घर चुनता था, जहां केवल बुजुर्ग या बच्चे मौजूद होते थे। चोरी के बाद आरोपी पिथौरा, भंवरपुर और सरायपाली के कुछ ज्वेलरी कारोबारियों को गहने बेच देता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब बगारपाली निवासी ओमप्रकाश ठाकुर ने 27 अप्रैल 2026 को अपने घर से करीब 40 लाख रुपए के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के दौरान वाहन चेकिंग में एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने चोरी की कई घटनाएं स्वीकार कर लीं।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने महासमुंद जिले में 15 चोरियां की थीं। इसके अलावा दुर्ग के उतई, रनचिरई और जामगांव, धमतरी के भखारा, अंडा और मगरलोड, तथा जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ और बिर्रा थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।

आरोपी के पास से 63.30 ग्राम सोने के जेवर (कीमत 25.52 लाख रुपए), 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी (कीमत 6.41 लाख रुपए), एक बाइक और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। कुल बरामदगी 32.38 लाख रुपए की है।

एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि चोरी के जेवर खरीदने वाले कुछ ज्वेलरी कारोबारियों की भूमिका भी संदिग्ध है। पुलिस ने पिथौरा के जीएस ज्वेलर्स और भंवरपुर के कैलाश ज्वेलर्स से आभूषण जब्त किए हैं, जबकि सरायपाली के अन्य कारोबारियों से रिकवरी की प्रक्रिया जारी है। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई जिलों में चोरी के मामले दर्ज हैं और वह इलाज के बहाने पुलिस हिरासत से फरार हो चुका है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *