लाइसेंसी पिस्टल से जीजा का खौफनाक कदम: साली की गोली मारकर हत्या, दूसरी गंभीर, पत्नी से विवाद बना वजह

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घरेलू विवाद ने एक दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया। मोवा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बाउंसर ने अपनी ही साली की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि दूसरी साली गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आरोपी जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) पेशे से बाउंसर है और वह अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा के चरित्र पर शक करता था। इसी शक के चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई।

रात में ससुराल पहुंचा आरोपी, बच्चे से मिलने की जिद

पत्नी के घर चले जाने के बाद आरोपी का गुस्सा और बढ़ गया। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच वह लाइसेंसी पिस्टल लेकर मोवा इलाके में स्थित अपने ससुराल पहुंच गया। वहां उसने बच्चे से मिलने की जिद की।

इस दौरान घर में मौजूद उसकी सालियां गीतांजली वर्मा (26) और दुर्गेश्वरी वर्मा (24) बाहर आईं और उसे समझाने की कोशिश की। उन्होंने आरोपी को शांत रहने और वापस जाने के लिए कहा। लेकिन यह बात जीतेंद्र को नागवार गुजरी।

समझाने पर भड़का, शुरू कर दी फायरिंग

गुस्से में बेकाबू आरोपी ने अचानक अपनी पिस्टल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली गीतांजली के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही जमीन पर गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह कुछ देर तक तड़पती रही और फिर उसकी मौत हो गई।

वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी के पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में एक को मृत घोषित, दूसरी की हालत नाजुक

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गीतांजली को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।

वारदात के बाद सड़क पर भी की फायरिंग

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं। वह घर के बाहर निकला और सड़क पर भी हवाई फायरिंग की। इससे इलाके में और दहशत फैल गई। इसके बाद वह खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

पड़ोसियों ने बताया- अक्सर होता था विवाद

स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था, जिससे उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। कई बार परिवार और पड़ोसियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।

घटना वाले दिन भी जब आरोपी ससुराल पहुंचा, तो वहां भी उसका ससुराल पक्ष से विवाद हुआ। इसी के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस ने पिस्टल जब्त की, जांच जारी

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना घरेलू विवाद और शक के कारण हुई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *