दुर्ग में लेडी हेड कॉन्स्टेबल पर मारपीट का आरोप: महिला को जड़ा थप्पड़, बाल खींचकर पीटा; VIDEO वायरल

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक लेडी हेड कॉन्स्टेबल पर महिला के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला और पुलिसकर्मी के बीच झूमाझटकी और मारपीट साफ दिखाई दे रही है।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता जया गाड़े 15 अप्रैल को सहेली ज्वेलर्स में गहने बनवाने के लिए ऑर्डर दिया था। 19 अप्रैल को वह अपनी मां के साथ दुकान पहुंची और किसी कारणवश ऑर्डर कैंसिल कर दिया। इसके बाद उसने एडवांस के तौर पर दिए गए 50 हजार रुपए वापस मांगे, लेकिन आरोप है कि दुकान संचालक ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और पुलिस को बुला लिया।

पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद विवाद और बढ़ गया। पीड़िता का आरोप है कि लेडी हेड कॉन्स्टेबल लता सुमन साहू ने बिना पूरी बात समझे उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें बाल खींचने और घसीटने तक की नौबत आ गई। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसकी मां को भी धक्का दिया गया और लात मारी गई।

महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पेट का ऑपरेशन हो चुका है, इसके बावजूद उसी जगह पर लात मारी गई। साथ ही उसके कपड़े फाड़ दिए गए और उसका मोबाइल फोन जमीन पर पटककर तोड़ दिया गया। पीड़िता का कहना है कि उसे थाने ले जाकर भी मारपीट की गई और पानी तक नहीं दिया गया।

इस पूरे मामले में पीड़िता ने दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी नवीन राजपूत पर भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने कार्रवाई करने के बजाय उल्टा पीड़िता के खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया।

फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *