नेवई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: महिला और नाबालिग के साथ 1.442 किलो गांजा जब्त, स्टेशन मरोदा में बेचने की फिराक में पकड़े गए

दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा बिक्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर एक महिला आरोपी और उसके साथ मौजूद एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 1 किलो 442 ग्राम गांजा और 800 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि बजरंगपारा स्टेशन मरोदा क्षेत्र में एक महिला अपने पुत्र के साथ ग्राहकों को गांजा बेचने की फिराक में खड़ी है। सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टीम गठित की और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्कता के चलते दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध गांजा और नगदी बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि महिला लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त थी और अपने नाबालिग पुत्र को भी इस काम में शामिल कर रखा था।

गिरफ्तार महिला की पहचान फूलेश्वरी सोनवानी उर्फ जकड़ी (44 वर्ष) निवासी बजरंगपारा स्टेशन मरोदा, नेवई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना नेवई में अपराध क्रमांक 267/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।

वहीं, अपचारी बालक को विधि अनुसार बाल संप्रेक्षण गृह पुलगांव भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा बेच रही थी।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज में फैल रहे इस जहर पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *