रामनगर में 17 साल के युवक पर चाकू से हमला: 6–7 बदमाशों ने घेरकर किया वार, हालत स्थिर

दुर्ग। दुर्ग जिले में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सुपेला थाना क्षेत्र के रामनगर का है, जहां 17 वर्षीय युवक पर कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, लखविंदर सिंह नामक युवक अपने एक दोस्त को छोड़ने रामनगर गया हुआ था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे 6 से 7 युवकों ने उसे घेर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों और युवक के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने लखविंदर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, उसने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी दुश्मनी ही हमले की मुख्य वजह सामने आ रही है।

दुर्ग जिले में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जरूरत है, ताकि अपराधियों में डर पैदा हो और इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *