दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़: 13 मजदूर हिरासत में, MP-UP-राजस्थान से लाए गए, मालिक फरार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नंदिनी थाना क्षेत्र के बासिन गांव में एक अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पान मसाला और सुगंधित जर्दा के अवैध निर्माण और पैकेजिंग का खुलासा किया।

छापे के दौरान फैक्ट्री में 13 मजदूर काम करते पाए गए, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ये मजदूर मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान से लाए गए थे। मौके से भारी मात्रा में तैयार पान मसाला, जर्दा, पैकेजिंग मटेरियल और मशीनरी जब्त की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह फैक्ट्री अप्रैल की शुरुआत से संचालित हो रही थी और बड़े पैमाने पर अवैध उत्पादन किया जा रहा था। जब्त किए गए पान मसाला के पैकेट्स पर “रजत सेल्स कार्पोरेशन, दुर्ग” का नाम अंकित मिला है, साथ ही ग्राम चोरहा, अहिवारा धमधा में गोदाम का भी उल्लेख किया गया है।

एसएसपी विजय अग्रवाल के अनुसार पैकेट पर कुम्हारी स्थित रजत सेल्स से जुड़ा लाइसेंस नंबर भी पाया गया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह असली यूनिट है या ब्रांड के नाम पर नकली गुटखा बनाया जा रहा था। यदि सैंपल जांच में फेल होते हैं या बिना लाइसेंस संचालन पाया जाता है, तो संबंधित लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल फैक्ट्री का संचालक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तारी के बाद मामले में और धाराएं जोड़ी जाएंगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *