दुर्ग में ‘नड्डा नाम से नाटक’! ब्लैकमेलिंग आरोपी ने अस्पताल में किया ड्रामा 5 लाख की उगाही केस में गिरफ्तार गुरुमीत सिंह वाधवा, मीडिया देखते ही व्हीलचेयर पर ‘बेहोश’ बनने लगा

दुर्ग। पावर हाउस क्षेत्र स्थित एस.बी.एस. अस्पताल से जुड़े ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरुमीत सिंह वाधवा को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे मुलाहिजा के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला लाया गया, जहां उसने मीडिया को देखते ही नाटकीय हरकतें शुरू कर दीं।

कैमरा देखते ही ‘बेहोशी’, डॉक्टर बोले- सब नॉर्मल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अस्पताल पहुंचने से पहले पूरी तरह सामान्य था और खुद ही पुलिस वाहन में बैठकर आया था। लेकिन जैसे ही मीडिया की मौजूदगी का एहसास हुआ, वह अचानक बेहोशी का नाटक करने लगा और व्हीलचेयर पर बैठकर खुद को असहाय दिखाने लगा।
डॉक्टरों ने जांच के बाद साफ किया कि आरोपी का बीपी, शुगर समेत सभी पैरामीटर सामान्य हैं। मेडिकल स्टाफ के अनुसार, वह जांच से पहले सामान्य बातचीत कर रहा था, लेकिन कैमरा देखते ही ड्रामा शुरू कर दिया।

5 लाख की उगाही और धमकी का मामला
मामला एस.बी.एस. अस्पताल प्रबंधन से 5 लाख रुपए की अवैध उगाही और धमकी से जुड़ा है। अस्पताल मैनेजर निर्मल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गुरुमीत सिंह वाधवा लगातार उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले अस्पताल में कैंसर इलाज के दौरान मुफ्त इंजेक्शन लगवाता था और बाद में उसी आधार पर दबाव बनाकर पैसे मांगने लगा।

फर्जी लेटर और नेताओं के फोटो से जमाता था रौब
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से बड़े नेताओं के साथ फोटो और कथित फर्जी लेटर भी बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल वह प्रभाव जमाने के लिए करता था।

बेटे ने कहा- साजिश के तहत फंसाया
वहीं आरोपी के बेटे गुरप्रीत सिंह ने आरोपों को झूठा बताया है। उनका कहना है कि उनके पिता ने किसी से पैसे की मांग नहीं की और उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।

ड्रामा बना चर्चा का विषय
इस पूरे घटनाक्रम ने अस्पताल प्रबंधन के साथ-साथ आम लोगों को भी चौंका दिया है। एक तरफ गंभीर आरोप, तो दूसरी ओर अस्पताल में आरोपी का ‘फुल ड्रामा’ अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *