भिलाई में अवैध प्लाटिंग पर निगम का बड़ा एक्शन: वैशाली नगर में बाउंड्रीवाल तोड़ी, सामग्री जब्त

भिलाई में अवैध प्लाटिंग और कब्जे के खिलाफ नगर पालिक निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को वैशाली नगर क्षेत्र में निगम की टीम ने अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया और मौके से निर्माण सामग्री जब्त की।

यह कार्रवाई जोन-2 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 20, बाबादीप सिंह नगर क्षेत्र में की गई। निगम को इस अवैध गतिविधि की जानकारी स्थानीय लोगों और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन द्वारा मिली थी। सूचना के बाद निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर राजस्व विभाग और बेदखली टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

जांच के दौरान पाया गया कि खाली जमीन पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। जमीन पर मुरूम डालकर छोटे-छोटे प्लॉट काटे गए थे और उन्हें लोगों को बेचा भी जा रहा था।

निगम अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार की प्लाटिंग पूरी तरह अवैध है। स्थिति को देखते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से पूरी बाउंड्रीवाल को गिरा दिया और वहां मौजूद निर्माण सामग्री जब्त कर ली।

कार्रवाई के दौरान निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया को सख्ती से अंजाम दिया गया।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी तिलेश्वर साहू ने बताया कि शहर में लगातार अवैध प्लाटिंग की शिकायतें मिल रही हैं, जिस पर निगम सख्त कार्रवाई कर रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *