दुर्ग में बिना हेलमेट चालकों पर सख्ती: 4 महीने में 23 हजार चालान, 1.15 करोड़ वसूली, 26 मौतों ने बढ़ाई चिंता

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सड़क हादसों को कम करने के लिए यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। साल 2026 के पहले चार महीनों में ही 23,088 दोपहिया चालकों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई की गई है, जिससे कुल 1 करोड़ 15 लाख 44 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया है।

पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में इस अभियान की रफ्तार लगातार बढ़ी है। साल 2023 में 1653 मामलों में 8.26 लाख रुपए, 2024 में 3961 मामलों में 19.80 लाख रुपए और 2025 में 2328 मामलों में 11.64 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया था। वहीं 2026 में महज चार महीनों में ही रिकॉर्ड स्तर पर कार्रवाई सामने आई है।

हालांकि, हादसों के आंकड़े अब भी चिंता बढ़ा रहे हैं। साल 2025 में बिना हेलमेट के कारण सड़क दुर्घटनाओं में 230 लोगों की मौत हुई थी। वहीं 2026 के पहले चार महीनों में ही 26 लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस का मानना है कि हेलमेट पहनने से इनमें से कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

यातायात पुलिस के अनुसार, लगातार चल रहे इस अभियान का असर अब दिखने लगा है और पहले की तुलना में अधिक लोग हेलमेट पहनकर घर से निकल रहे हैं। बावजूद इसके, बड़ी संख्या में लोग अब भी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिस पर सख्ती जारी है।

पुलिस ने साफ किया है कि आने वाले समय में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा। शहर के विभिन्न इलाकों में रोजाना चेकिंग, पेट्रोलिंग और विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *