दुर्ग में नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती: एक रात में 24 चालक पकड़े, 968 पर अब तक कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में रविवार, 19 अप्रैल 2026 की रात दुर्ग यातायात पुलिस ने शहरभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 24 चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार यह अभियान शहर के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्ग, ब्लैक स्पॉट, ग्रे स्पॉट और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया। यातायात पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाकर संदिग्ध वाहन चालकों की जांच की। ब्रेथ एनालाइजर मशीन के जरिए जांच में 24 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।

पकड़े गए चालकों में 14 दोपहिया, 7 चारपहिया और 3 भारी वाहन चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर वाहनों को मौके पर ही जब्त किया गया। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अर्थदंड भी लगाया गया।

यातायात पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक कुल 968 चालकों के खिलाफ इसी धारा के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा।

इस पूरी कार्रवाई में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही, जिन्होंने समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाया। दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित वातावरण बनाने में सहयोग करें।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *