छातागढ़ पिकनिक स्पॉट पर दर्दनाक हादसा, शिवनाथ नदी में डूबने से नाबालिग सहित दो की मौत

दुर्ग जिले के छातागढ़ पिकनिक स्पॉट में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां शिवनाथ नदी में नहाने के दौरान दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक नाबालिग भी शामिल है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी पांच करीबी लोग छुट्टी के दिन पिकनिक मनाने छातागढ़ पहुंचे थे। प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली के बीच दिनभर समय बिताने के बाद शाम करीब 5 बजे सभी ने शिवनाथ नदी में नहाने का फैसला किया। एक-एक कर सभी नदी में उतरे, लेकिन नहाते समय मोहम्मद इकबाल (21 वर्ष) और मोहम्मद इशांत (13 वर्ष) अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। बाकी तीन लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।

घटना के बाद तुरंत दुर्ग पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद देर रात दोनों के शव नदी से बरामद किए गए।

घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां का दृश्य बेहद मार्मिक था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की गई है कि नदी-नालों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *