आमदी नगर पंचायत में जातिसूचक टिप्पणी पर बवाल, कांग्रेस का घेराव और धरना प्रदर्शन

धमतरी जिले के आमदी नगर पंचायत में जातिसूचक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और भाजपा पार्षदों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आरोप है कि सामान्य सभा की बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष ऋषभ ठाकुर के साथ जातिसूचक गालियां दी गईं और अभद्र व्यवहार किया गया।

बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और उनके पार्षद निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुए। जब नेता प्रतिपक्ष ऋषभ ठाकुर ने इस देरी पर सवाल उठाया, तो उन्हें केबिन में बुलाकर कथित रूप से उनके और उनके पिता के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी की गई। साथ ही उन्हें बैठक में सवाल-जवाब न करने की चेतावनी भी दी गई।

इस घटना से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए परिसर के बाहर धरना दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से अतिरिक्त तहसीलदार शिवेंद्र सिन्हा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेकर जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल यह मामला राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *