भिलाई में पत्नी ने सिलबट्टे से पति की हत्या: जमानत पर छूटते ही हुआ विवाद, गुस्से में उठाया खौफनाक कदम

भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंप-2 स्थित दुर्गा पारा, वार्ड 35 में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय डोमन साहू की उसकी पत्नी हीरामणी साहू (लगभग 35 वर्ष) ने सिलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के दो बच्चे हैं और आए दिन होने वाले झगड़ों का असर पूरे परिवार, खासकर बच्चों पर पड़ रहा था। पड़ोसियों के अनुसार, डोमन साहू अक्सर शराब के नशे में घर आकर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था, जिससे परिवार में तनाव बना रहता था।

घटना से एक दिन पहले, 19 अप्रैल को हीरामणी साहू ने अपने पति के खिलाफ जामुल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए डोमन साहू को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई।

जमानत पर छूटकर घर लौटने के बाद डोमन साहू ने पत्नी से शिकायत करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर हीरामणी ने सिलबट्टे से पति के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से डोमन साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *