ऑपरेशन विश्वास: दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्लब संचालक गिरफ्तार, 64 बोतल बीयर जब्त

दुर्ग जिले में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत पुलिस को अहम सफलता मिली है। थाना सुपेला क्षेत्र अंतर्गत स्मृति नगर चौकी पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए एक क्लब संचालक को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 की रात टीम ने जुनवानी स्थित लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब में जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी क्लब संचालक ग्राहकों को बीयर उपलब्ध करा रहा था, जो कि नियमों का उल्लंघन है।

तलाशी के दौरान क्लब की छत पर छिपाकर रखी गई 64 बोतल बीयर बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 41.600 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 12,800 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से आरोपी संजय गुप्ता (41 वर्ष), निवासी सेक्टर-04 भिलाई को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 544/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है और उसे न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने नागरिकों और व्यवसाय संचालकों से कानून का पालन करने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *