रायपुर सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बाबू खेमानी गिरफ्तार: ‘3 STUMPS’ वेबसाइट से IPL पर सट्टा, मुंबई से पकड़ा गया

रायपुर पुलिस को सट्टा सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के मास्टरमाइंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसे फ्लाइट से रायपुर लेकर आई है, जहां दोपहर 2 बजे पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, बाबू खेमानी ‘महादेव बुक’ की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ नाम की ऑनलाइन वेबसाइट बनाकर आईपीएल मैचों में सट्टा खिलवा रहा था। इस मामले में 13 अप्रैल को गंज थाना में उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

जांच में खुलासा हुआ है कि खेमानी अपने रिश्तेदारों और परिचितों की मदद से पुणे, मुंबई और गोवा जैसे शहरों में बैठकर सट्टा पैनल ऑपरेट करवा रहा था। इससे पहले रायपुर पुलिस इस सिंडिकेट से जुड़े 20 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो पैनल संचालन में शामिल थे।

यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। अलग-अलग शहरों में ऑपरेटर यूजर्स को जोड़ने, सट्टा लगवाने और पैसों के लेन-देन को संभालने का काम करते थे। ट्रांजैक्शन के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे पैसों की ट्रैकिंग करना मुश्किल हो जाता था।

सिंडिकेट सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं को जोड़कर अपने नेटवर्क का विस्तार कर रहा था। युवाओं को नौकरी का लालच देकर उन्हें पैनल ऑपरेशन और पेमेंट गेटवे संभालने के लिए लगाया जाता था।

पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 28 फरवरी को रायपुर पुलिस ने इस इंटरस्टेट सट्टा गिरोह के दो मुख्य सरगना प्रतीक कुमार वीधवानी और सैंकी देवड़ा को गिरफ्तार किया था।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *