दुर्ग में तेज रफ्तार ट्रक का कहर: 6 गायों को कुचला, 3 की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी गायों को रौंद दिया। इस हादसे में तीन गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना आदर्श नगर बावापारा की है, जहां रात करीब 9:30 बजे पउवारा से उतई की ओर जा रहा टाटा 1109 ट्रक (CG08L2489) तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे बैठी गायों से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन गायों के पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।

इस मामले में स्थानीय निवासी कामता महिपाल (40 वर्ष) ने उतई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि ट्रक में लकड़ी लोड थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने बाद में उसे पकड़ लिया। घटना से गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी तेज रफ्तार वाहनों की वजह से कई मवेशियों की जान जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने इस सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है।

सूचना मिलने पर पाटन एसडीओपी अनुप लकड़ा और उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया और करीब रात 11:30 बजे चक्काजाम खत्म करवाया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *