दुर्ग में मासूम से दरिंदगी का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस; मेडिकल के दौरान बिगड़ी तबीयत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उतई थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उसका जुलूस निकाला, जिसके दौरान आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए इसे पाप बताया।

गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सुपेला अस्पताल लाया गया, तो उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे मिर्गी जैसे दौरे आने लगे और वह जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्टाफ ने तत्काल डॉक्टरों को सूचना दी, जिसके बाद उसे स्ट्रेचर पर ले जाकर भर्ती किया गया। कुछ समय बाद उसकी हालत सामान्य हो गई।

पूरी घटना शुक्रवार की है, जब मासूम बच्ची अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद एक कुएं के पास संदिग्ध बोरा मिला, जिसमें बच्ची बंधी हुई हालत में पाई गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। इसके आधार पर आरोपी धनेश्वर साहू (40) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना से जुड़े सबूत जैसे बोरा, तकिया कवर और कपड़े भी जब्त किए हैं।

आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया और बाद में उसे मारने के इरादे से बोरे में भरकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया। हालांकि समय रहते बच्ची को बचा लिया गया। घटना के बाद बच्ची गहरे सदमे में है और उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस घटना को लेकर इलाके में भारी आक्रोश है। वहीं स्थानीय विधायक देवेंद्र यादव ने इसे बेहद दुखद बताते हुए दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *