दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन: पंजाब से लाई जा रही 19 लाख की हेरोइन के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जामुल थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने भिलाई के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा, जिनके कब्जे से कुल 91.9 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 18.69 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही आरोपियों से 31 हजार रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजविन्दर कौर, राजवीर सिंह, कुलदीप सिंह और लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो सभी अमृतसर (पंजाब) के निवासी हैं। ये सभी भिलाई के हाउसिंग बोर्ड इलाके में किराए का मकान लेकर रह रहे थे और वहीं से नशे का अवैध कारोबार चला रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पंजाब से हेरोइन की खेप लाकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में युवाओं को निशाना बनाते थे। वे समय-समय पर पंजाब जाकर ड्रग्स लाते और यहां खपाने के बाद वापस लौट जाते थे।

छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा के अनुसार, गिरोह की एक महिला सदस्य हाल ही में पंजाब से हेरोइन लेकर लौटी थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क को पकड़ लिया।

सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी खुर्सीपार थाना पुलिस ने मिनी स्टेडियम क्षेत्र से 43.14 ग्राम हेरोइन के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिससे साफ है कि दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *