तेज गर्मी में ट्रैफिक जवानों का हौसला बढ़ाने पहुंचे SSP, गमछा और वॉटर बॉटल बांटी

दुर्ग जिले में बढ़ती गर्मी के बीच पुलिस प्रशासन की एक सराहनीय पहल सामने आई है। सेक्टर-6 स्थित ग्लोब चौक पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल ने यातायात पुलिस के जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान ट्रैफिक एएसपी ऋचा मिश्रा भी मौजूद रहीं।

इन दिनों जिले में तापमान 37°C से 39°C के बीच बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय तेज धूप और लू जैसे हालात बन रहे हैं। ऐसी कठिन परिस्थितियों में भी ट्रैफिक जवान लगातार सड़कों पर तैनात रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। घंटों धूप में खड़े होकर यातायात व्यवस्था संभालना उनके लिए चुनौतीपूर्ण होता है।

जवानों की इसी मेहनत और समर्पण को देखते हुए SSP विजय अग्रवाल खुद मौके पर पहुंचे और उन्हें धूप से बचाव के लिए गमछा और वॉटर बॉटल वितरित की। इस पहल से जवानों का मनोबल बढ़ा और उन्होंने प्रशासन के प्रति आभार जताया।

SSP ने बताया कि आगे भी जवानों की सुविधा के लिए कदम उठाए जाएंगे, जिसमें टोपी उपलब्ध कराना भी शामिल है। साथ ही उन्होंने आम लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों से अपील की गई कि वे खुद के साथ-साथ पीछे बैठे व्यक्ति को भी हेलमेट अवश्य पहनाएं, ताकि दुर्घटनाओं में होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *