बालोद में दर्दनाक हादसा: सो रहे ग्रामीण पर चढ़ा अनियंत्रित ट्रक, हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोहारडीह में देर रात एक भयावह सड़क हादसा सामने आया है। रात करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने घर के बाहर खाट पर सो रहे एक ग्रामीण को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल ग्रामीण की पहचान पन्नालाल बंजारे के रूप में हुई है, जो अपने घर के बाहर खाट लगाकर सो रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे खाट पर चढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक ने घर के सामने लगे टीन शेड को भी पूरी तरह तहस-नहस कर दिया और आगे जाकर गड्ढे में फंस गया।

घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्राम के सरपंच राजेंद्र साहू और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार ट्रक ने न केवल व्यक्ति को कुचला बल्कि बिजली के पोल को भी नुकसान पहुंचाया।

घायल पन्नालाल बंजारे को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खो गया, जिससे यह हादसा हुआ। गुरूर थाना प्रभारी सुनील तिर्की के अनुसार आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *