बिलासपुर के रतनपुर में खूनी हमला: घर में घुसकर तलवार से वार, बुजुर्ग महिला की मौत, 8 बच्चे घायल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंडरवा ग्राम पंचायत में बुधवार शाम एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक आरोपी ने घर में घुसकर तलवार और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 8 बच्चे घायल हो गए हैं। घायलों में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेश श्रीवास ने शाम करीब 6:30 बजे अपने दो नाबालिग बेटों के साथ पीड़ित परिवार के घर में घुसकर हमला किया। उसने शेख शब्बीर और शेख सलीम के परिवार को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध वार किए। इस हमले में उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में रेहाना बेगम, शहनाज बेगम, शेख सूहाना, परी परवीन, अलीशा परवीन, आहिस्ता परवीन, सना परवीन और शेख शब्बीर शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश और अवैध संबंधों को लेकर विवाद कारण बना। आरोपी को संदेह था कि उसकी पत्नी के शेख सलीम के साथ संबंध थे, जिसके चलते उसने करीब दो साल पहले पत्नी को तलाक दे दिया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही उसके दोनों नाबालिग बेटों को भी हिरासत में लिया गया है। गांव में तनाव का माहौल है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *